खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें : 9893221036
जबलपुर । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जेएटीसीसी, ऑरेंज अम्ब्रेला महिला संघ एवं बायपास संस्थान द्वारा महिलाओं के लिये सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना अंतर्गत महिला सम्मेलन और मेले का आयोजन किया गया। जिसमें परियोजना के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण में प्रशिक्षित लगभग 400 महिलाओं ने भागीदारी की।
मेले में विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित महिलाओं द्वारा मोमोस, साउथ इंडियन और नार्थ-इंडियन नाश्ते, बेकरी आयटम, फ्रूट सलाद, चाट-फुलकी, बच्चों के खिलौने, कपड़े के बैग, मेहंदी, बुटीक के सामान, मनिहारी और सजावटी सामान आदि के 25 स्टॉल लगाए गए। गाइड विधा में प्रशिक्षित लड़कियों द्वारा भेड़ाघाट और जबलपुर के पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई।
पंजीयन और स्टॉल आदि की व्यवस्था फ्रंट ऑफिस विधा में प्रशिक्षित युवतियों ने संभाली। जहां एक ओर महिलाओं ने खाने-पीने की चीजों का आनंद लिया, वहीं दूसरी ओर मेहंदी स्टॉल पर भी महिलाओं की अच्छी भीड़ रही। बच्चों के खिलौने, बैग, कपड़े, मनिहारी और सजावटी सामान की भी बिक्री महिलाओं ने की। महिलाओं ने खेलकूद और गाने की कला का प्रदर्शन किया और कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ गुलाल खेलकर किया गया।
यूथ हॉस्टल प्रांगण में सम्पन्न इस मेले में पधारे विधायक अभिलाष पांडे ने शासन की योजनाओं से जुड़कर महिलाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिलने पर बधाई दी और कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है, जिसका लाभ अब मैदानी स्तर पर भी दिख रहा है। उन्होंने महिलाओं को क्लब और समूह बनाकर शासन की योजनाओं से जुडने के लिए प्रेरित किया और स्टार्टअप और टेक्सटाइल सेक्टर में आने पर प्रकार की मदद देने का आश्वासन दिया।
बरगी विधायक श्री नीरज सिंह ठाकुर ने महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराया है, अब बारी है बराबरी में साथ आने की। महिलाओं की पुरुषों के साथ कोई मुकाबला नहीं है, बल्कि सहभागिता है। एक मानव मूल्य है, मानवीय संवेदनाओं को पहचान मिलना है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने के प्रेरित किया और हर मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने महिलाओं से आत्मरक्षा की तकनीकों को सीखने के लिए कहा कि इससे न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मुकाबला भी किया जा सकता है।
कार्यक्रम में नगर परिषद भेड़ाघाट अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी, डॉ. नंदिता पाठक प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा, जेएटीसीसी जिला समन्वयक सुश्री दीप्ति ठाकुर, श्रीमति रूपा राव जबलपुर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष, सुश्री स्वाती सिंह उपाध्यक्ष जबलपुर भाजपा महिला मोर्चा ने महिलाओं को महिला दिवस की बधाई दी और अपने अनुभव साझा किया कि उन्होंने अपना सफर किस तरह से आगे बढ़ाया और मुकाम हासिल किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन श्री हेमंत सिंह सीईओ जेएटीसीसी के मार्गदर्शन में हुआ।अतिथियों ने विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया और खरीददारी की तथा मेले का आनंद उठाया। कार्यक्रम में परियोजना अंतर्गत आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करने वाली महिला ताइक्वांडो प्रशिक्षकों को सम्मान पत्र भी प्रदान किये गए।